डेहरी आन सोन , मई 26 -- बिहार में रोहतास जिले के नौहट्टा थाना क्षेत्र के नीचला खोरी गांव के बधार में मंगलवार की शाम सब्जी के खेत में काम कर रही एक महिला की लाठी से पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतका की पहचान नीचला खोरी गांव निवासी अरविंद विश्वकर्मा की पत्नी सीमा देवी (30) के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने बताया कि हत्या किसने और क्यों की, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार सीमा देवी शाम में अपने सब्जी के खेत में काम कर रही थीं। इसी दौरान दो लोग वहां पहुंचे और लाठी से हमला कर दिया। महिला के चिल्लाने की आवाज सुनकर ग्रामीण खेत की ओर दौड़े, लेकिन अंधेरा और दूरी के कारण हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी।
ग्रामीणों ने बताया कि जब लोग घटनास्थल पर पहुंचे तो सीमा देवी गंभीर रूप से घायल अवस्था में खेत में पड़ी थीं। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने उन्हें देखा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित