शिमला , फरवरी 28 -- हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार को रोहतांग पास में हल्का हिमपात हुआ , जबकि राज्य के अधिकतर हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहा।

राज्य में न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गयी है, जिससे हाल के शीतलहर जैसे हालात से राहत मिली है। महीने की शुरुआत में रात के तापमान में आई तेज गिरावट अब कुछ हद तक सामान्य हो गयी है, जिससे सुबह और शाम अपेक्षाकृत कम ठंडी महसूस हो रही हैं। वहीं कई जिलों में दिन का तापमान लगातार बढ़ रहा है। मनाली और पालमपुर के एक-दो स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हुई, लेकिन बाकी क्षेत्रों में आसमान साफ रहा।

लाहौल-स्पीति के ताबो मठ में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.7 डिग्री नीचे, कुकुमसेरी में शून्य से 1.9 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। पर्यटन स्थल मनाली में चार डिग्री, भुंतर हवाईअड्डा 7.2 डिग्री, सोलन 7.5 डिग्री तथा शिमला और डलहौजी में नौ डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक राज्य में मुख्यतः शुष्क मौसम बने रहने का पूर्वानुमान जताया है। दो मार्च के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश या हिमपात हो सकता है। इसके बावजूद तापमान सामान्य से ऊंचा रहने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित