रोहतक , मार्च 30 -- हरियाणा में रोहतक के कलानौर थाना क्षेत्र से एक पुलिसकर्मी के खुद को गोली मारने का मामला प्रकाश में आया है।

जानकारी के अनुसार आपातकालीन प्रतिक्रिया वाहन (ईआरवी) पर तैनात ईएएसआई कुलदीप ने अपनी सरकारी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। घटना के तुरंत बाद थाना पुलिस ने घायल पुलिसकर्मी को पीजीआई के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है। फिलहाल उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

कुलदीप झज्जर जिले के डीघल गांव का निवासी है और वर्तमान में कमला नगर, झज्जर चुंगी के पास रह रहा था। वह कलानौर थाना में ईआरवी-594 पर ड्यूटी पर तैनात था। बताया जा रहा है कि घटना के समय कुलदीप थाना परिसर में ही मौजूद था और खाना खाने के लिए नीचे आया था। इसी दौरान वह एक ओर गया और अपनी सर्विस पिस्टल से खुद को गोली मार ली।

घटना के बाद थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अभी तक आत्महत्या के प्रयास के पीछे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।

पुलिस विभाग के अधिकारी मामले की हर पहलू से जांच कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित