आइची-नागोया (जापान) , सितंबर 24 -- एशियाई खेलों में गुरुवार को भारतीय एथलीट रोशिबिना देवी नाओरेम को चीन की झांग शियाओयू से 0-2 से हारने के बाद महिलाओं के सांडा 60 किग्रा वुशु स्पर्धा में रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
आज यहां झांग ने खिताबी मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों राउंड 5-0 से जीतकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जबकि रोशिबिना को इस बड़े महाद्वीपीय टूर्नामेंट में लगातार दूसरी बार रजत पदक से ही संतोष करना पड़ा।
इस पदक के साथ ही 25 वर्षीय मणिपुरी खिलाड़ी ने एक शानदार हैट्रिक पूरी की। उन्होंने जकार्ता 2018 एशियाई खेलों में कांस्य और हांगझोऊ 2023 में रजत पदक जीता था, और ये सभी पदक 60 किग्रा सांडा कैटेगरी में थे।
रोशिबिना ने टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई थी। उन्होंने प्री-क्वार्टर फाइनल में बंगलादेश की शिखा खातून को हराया और फिर क्वार्टर फ़ाइनल में मकाऊ की चू मैन सिन को 5-0 से मात दी।
सेमीफाइनल में, उन्होंने इंडोनेशिया की थानिया कुसुमानिंगत्यास को 2-0 से हराकर स्वर्ण पदक मुकाबले में अपनी जगह पक्की की और एशियाई खेलों में लगातार तीसरी बार पोडियम फ़िनिश हासिल की।
रोशिबिना हांगझोऊ में जीते अपने रजत पदक से बेहतर प्रदर्शन करना चाहती थीं, जहाँ वह फ़ाइनल में एक चीनी खिलाड़ी से हार गई थीं। इस ताजा हार का मतलब है कि 60 किग्रा कैटेगरी में रोशिबिना और एशियन गेम्स स्वर्ण पदक के बीच एक बार फिर चीन की खिलाड़ी आड़े आ गई।
इस रजत पदक के साथ एशियन गेम्स में भारत के वुशु पदक की संख्या 11 हो गई है, जिसमें एक स्वर्ण, दो रजत और कांस्य पदक शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित