हरिद्वार , मार्च 21 -- उत्तराखंड के जनपद हरिद्वार में रसोई गैस आपूर्ति को लेकर बड़ा घोटाला सामने आया है। रोशनाबाद स्थित एक गैस एजेंसी से जुड़ी सप्लाई व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया है कि डिलीवरी के दौरान प्रत्येक सिलेंडर से 1 से 2 किलो गैस निकालकर उपभोक्ताओं को कम गैस वाले सिलेंडर दिए जा रहे हैं।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि पहले से ही गैस की किल्लत के बीच इस तरह की धांधली से आम लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। कई उपभोक्ताओं ने सिलेंडर जल्दी खत्म होने की शिकायत करते हुए इसकी जांच की मांग की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पूर्ति विभाग की टीम आज मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में कुछ सिलेंडरों में गैस निर्धारित मात्रा से कम पाई गई है, जिससे अनियमितता की आशंका और गहरा गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित