नयी दिल्ली , सितंबर 22 -- मेडिकल उपकरण और स्वच्छता से जुड़े उत्पाद बनाने वाली प्रमुख भारतीय कंपनी रोमसन्स ग्रुप ने मंगलवार को सिंगापुर स्थित वैश्विक निवेश कंपनी टेमासेक के साथ एक रणनीतिक निजी इक्विटी सौदा पूरा होने की घोषणा की।

रोमसन्स ने इसे 70 साल की अपनी यात्रा में एक अहम पड़ाव और एक नये अध्याय की शुरुआत बताया है। टेमासेक कंपनी में अल्पांश निवेश कर एक रणनीतिक साझेदार के रूप में जुड़ी है। रोमसन्स के पास स्थापित स्वास्थ्य प्लेटफॉर्म और परिचालन क्षमताएं हैं। वहीं, टेमासेक के पास वैश्विक अनुभव और दीर्घकालीन निवेश का नजरिया है।

कंपनी की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि रोमसन्स उत्पाद, विनिर्माण और प्रौद्योगिकी में निवेश जारी रखेगी। साथ ही स्वास्थ्य क्षेत्र की बदलती जरूरतों को पूरा करने के लिए क्षमताएं भी विकसित करेगी। जैसे-जैसे कारोबार का विस्तार होगा, वह प्रशासन, संस्थागत प्रक्रियाओं और अनुशासित तरीके से काम करने पर जोर देना जारी रखेगी। कंपनी का कहना है कि अपने कारोबार की प्रगति और मौजूदा बाजार की स्थितियों के आधार पर वह सही समय पर शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने की संभावना का आंकलन करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित