प्रयागराज , अगस्त 27 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के घूरपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को स्कूल जा रहा कक्षा छह का छात्र रिंग रोड निर्माण कार्य में लगी रोड ग्रेडर की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसा देवरी नहर के समीप मौनी बाबा आश्रम के सामने हुआ। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल छात्र को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मरुआ गांव निवासी ऋषभ यादव (11), पुत्र शिव कैलाश यादव, अपने ननिहाल में रहकर पढ़ाई करता है। गुरुवार को वह अपने मामा के घर से स्कूल जाने के लिए निकला था। इसी दौरान देवरी नहर के पास मौनी बाबा आश्रम के सामने रिंग रोड पर काम कर रही रोड ग्रेडर की चपेट में आ गया।
हादसे में छात्र को गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही घूरपुर थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी पड़ताल की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित