गोरखपुर , जनवरी 26 -- योगी सरकार के कार्यकाल में वाह्य और आंतरिक हिस्सों में फोरलेन सड़कों से आच्छादित गोरखपुर अब रोड कनेक्टिविटी की नई नजीर पेश करने जा रहा है। शहर में यातायात को और सुगम बनाने के लिए एक नया रेल ओवरब्रिज और एक फ्लाईओवर बनकर तैयार हो गया है, जिनका लोकार्पण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को करेंगे।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार बरगदवा में नए रेल ओवरब्रिज और खजांची चौराहे पर फ्लाईओवर के निर्माण से शहर की यातायात व्यवस्था को बड़ी राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री बरगदवा चौराहे से जेल रोड पर नकहा जंगल-मानीराम स्टेशनों के मध्य स्थित समपार संख्या 5ए पर बने रेल उपरिगामी सेतु (ओवरब्रिज) का लोकार्पण करेंगे। इस परियोजना पर 152.19 करोड़ रुपये की लागत आई है।
बरगदवा ओवरब्रिज की लंबाई 1092 मीटर है, जिससे रेलवे समपार फाटक पर लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलेगी और महानगर के उत्तरी हिस्से में यातायात सुगमता और बेहतर होगी। साथ ही मेडिकल कॉलेज होते हुए महाराजगंज जाने वाले यात्रियों के लिए भी आवागमन आसान हो जाएगा।
इसी अवसर पर मुख्यमंत्री बरगदवा स्थित लोकार्पण स्थल से ही खजांची चौराहे पर 96.50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 605 मीटर लंबे फ्लाईओवर का भी लोकार्पण करेंगे। यह फ्लाईओवर जेल बाईपास को स्पोर्ट्स कॉलेज रोड से सीधी कनेक्टिविटी प्रदान करता है। इसके माध्यम से कौवाबाग से खजांची चौराहा होते हुए फर्टिलाइजर कारखाना और सोनौली रोड तक पहुंचना अधिक सहज और सुगम हो जाएगा।
सूत्रों ने बताया कि अगले दो माह में चौरीचौरा-भोपा बाजार मार्ग पर समपार संख्या 147बी पर एक और रेल ओवरब्रिज बनकर तैयार हो जाएगा, जिसकी अनुमानित लागत 49.22 करोड़ रुपये है। इसके अतिरिक्त नौसढ़-पैडलेगंज मार्ग पर सिक्सलेन फ्लाईओवर तथा देवरिया बाईपास कनेक्टिंग फ्लाईओवर का निर्माण भी पूरा होने की कगार पर है, जिनकी कुल अनुमानित लागत 429.49 करोड़ रुपये है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित