मुंबई , अक्टूबर 01 -- जियोहॉटस्टार और एमटीवी का लोकप्रिय साहसिक रियलिटी शो 'रोडीज़ रिबर्थ' अपने 21वें सीजन में नए प्रारूप के साथ लौट रहा है। शो का प्रसारण 16 अक्टूबर से प्रत्येक शुक्रवार और शनिवार शाम सात बजे जियोहॉटस्टार और एमटीवी पर किया जाएगा।इस सीजन में छह गैंग लीडर्स को दो दलों में बांटा गया है। पुराने खिलाड़ियों में निखिल चिनापा, नेहा धूपिया और प्रिंस नरूला शामिल हैं, जबकि नई पीढ़ी का प्रतिनिधित्व अभिषेक मल्हान, बानी जे और बसीर अली करेंगे।
हाल ही में जारी प्रोमो में गैंग लीडर्स की तैयारियों के साथ उनके बीच की मजेदार नोकझोंक भी देखने को मिल रही है। रणविजय सिंघा पुराने खिलाड़ियों के साथ व्यायामशाला में नजर आते हैं, जहां एक चुनौती के दौरान उनका आत्मविश्वास मजेदार अंदाज में परखा जाता है। वहीं बानी, बसीर और अभिषेक भी शारीरिक चुनौती में अपना दमखम दिखाते नजर आते हैं।
प्रोमो में प्रिंस नरूला और नेहा धूपिया की आपसी नोकझोंक खास आकर्षण का केंद्र है। दोनों के बीच मजाकिया अंदाज में होने वाली बातचीत पुराने खिलाड़ियों के बीच की प्रतिस्पर्धा को दर्शाती है। दूसरी ओर बानी, बसीर और अभिषेक के बीच भी मस्ती और तालमेल का अलग रंग देखने को मिलता है।
रणविजय सिंघा ने कहा कि इस बार 'रोडीज़ रिबर्थ' में दो दल हैं, लेकिन खेल को छह गैंग लीडर्स मिलकर आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि तीन पुराने खिलाड़ियों का सामना तीन नई पीढ़ी के खिलाड़ियों से होगा और यह व्यवस्था रोडीज़ में पहले नहीं देखी गई है।
दो दलों और छह गैंग लीडर्स के साथ 'रोडीज़ रिबर्थ' में रणनीति, प्रतिद्वंद्विता और अप्रत्याशित बदलावों का नया दौर देखने को मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित