अलवर , मई 30 -- राजस्थान में अलवर के अकबरपुर थाना क्षेत्र में अलवर-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 248ए पर शनिवार को एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई इससे 12 से अधिक लोग घायल हो गये।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अलवर से अपराह्न पौने चार बजे जयपुर के लिए रवाना हुई मत्स्य नगर डिपो की बस करीब साढ़े चार बजे धर्मपुरा गांव के समीप नटनी का बारा क्षेत्र में अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से उतरकर पलट गई। हादसे के समय बस में करीब 50 यात्री सवार थे। इनमें 12 से अधिक यात्री घायल हो गये।
सूत्रों ने बताया कि सभी को अकबरपुर के अस्पताल ले जाया गया जहां से चालक रामू योगी, राकेश, मुकेश मीणा, संतोष पांडे, बद्री प्रसाद एवं सावित्री देवी सहित छह घायलों को बेहतर उपचार के लिए अलवर भेज दिया गया। अन्य घायलों का उपचार अकबरपुर अस्पताल में जारी है। कुछ को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित