रुद्रपुर , अक्टूबर 06 -- उत्तराखंड की ऊधमसिंह नगर पुलिस ने अविलंब कार्रवाई करते हुए परिवहन निगम के चालक से मारपीट के तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मंगलवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तराखंड परिवहन निगम की यात्रियों से भरी बस सोमवार को दिल्ली से टनकपुर जा रही थी। पुलभट्टा के पास तीन ट्रक चालकों ने रोडवेज बस चालक के साथ मारपीट कर दी।
ट्रक चालक घटना के बाद बिना तहरीर दिए यात्रियों को लेकर टनकपुर लौट गया। इसके बाद चालक की ओर से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नाम एक वीडियो रिकार्ड कर सोशल मीडिया पर डाल दिया गया।
चालक की ओर से वीडियो में घटना के संबंध में जानकारी देते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गयी। बताया जा रहा है कि ऊधमसिंह नगर पुलिस के संज्ञान में आते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों में सैफ खान निवासी शंकर फार्म, थाना पुलभट्टा, (23), सावेज खान (24) निवासीगण शंकर फार्म, थाना पुलभट्टा, ऊधमसिंह नगर और रिजवान निवासीगण वार्ड नंबर 6, नई सुनहरी, थाना किच्छा, (27) शामिल हैं। तीनों ट्रक चालक बताये जा रहे हैं।
पुलिस पीड़ित चालक की तहरीर का इंतजार कर रही है। अंत में पीड़ित चालक ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तारी पर मुख्यमंत्री और ऊधमसिंह नगर पुलिस का आभार व्यक्त किया है। आरोपियों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 172 के तहत कार्यवाही की जा रही है।
पता चला है कि बस चालक द्वारा तहरीर दिए जाने पर ऊधमसिंह नगर पुलिस की ओर से आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर पृथक से विधिक कार्यवाही की जायेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित