हरिद्वार , मई 3 -- उत्तराखंड के हरिद्वार जिले की मंगलौर कोतवाली के सामने रविवार को हरियाणा रोडवेज की तेज रफ्तार बस ने आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ट्रॉली में सवार करीब एक दर्जन महिलाएं घायल हो गईं।
जानकारी के अनुसार, घायल महिलाएं कोतवाली क्षेत्र के निजामपुर गांव की निवासी हैं, जो भगवानपुर क्षेत्र के फरकपुर गांव में आयोजित एक तेहरवीं कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं। इसी दौरान कोतवाली के सामने पीछे से आई बस ने ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कई महिलाएं ट्रॉली से गिरकर सड़क पर जा गिरीं।
हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
पुलिस ने तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा की सहायता से घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों के अनुसार कुछ महिलाओं को गंभीर चोटें आई हैं, हालांकि सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित