पौड़ी गढ़वाल , जुलाई 14 -- उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में मंगलवार को पौड़ी से देहरादून जा रही राज्य परिवहन निगम की एक बस और विपरीत दिशा से आ रही कार की भिड़ंत हो गई। जिससे बस में सवार तीन यात्री घायल हो गए। जबकि कार सवार एक महिला को गम्भीर हालत में नजदीकी चिकित्सालय भेजा गया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि थाना देवप्रयाग क्षेत्रान्तर्गत पायल गांव डंपिंग जोन के निकट एक रोडवेज बस, जो पौड़ी से देहरादून जा रही थी, की टक्कर कार से हो गई। इस घटना की सूचना प्राप्त होते ही देवप्रयाग पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ करते हुए घायलों को शीघ्र उपचार उपलब्ध कराया। इस घटना के दौरान कार में सवार इला (26) निवासी हरिद्वार घायल हो गईं, जिन्हें तत्काल निजी वाहन के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बागी (देवप्रयाग) उपचार की भिजवाया गया। इसके अतिरिक्त रोडवेज बस में सवार तीन यात्रियों को मामूली चोटें आईं। बस में घायल यात्रियों की पहचान आरती, निवासी असगढ़, पट्टी मनियर्स्यूं, जिला पौड़ी गढ़वाल, घनानंद पंत, निवासी ग्राम मैली, पट्टी चक्की, जिला पौड़ी गढ़वाल और बुद्धि देवी, निवासी ग्राम उजियारी, पट्टी गंगवारस्यूं, जिला पौड़ी गढ़वाल हैं। जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित