बैतूल , जुलाई 24 -- मध्यप्रदेश के बैतूल में जिला रोजगार कार्यालय, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र तथा शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित रोजगार, स्वरोजगार एवं प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेंटिसशिप मेले में 193 युवाओं ने भाग लिया, जिनमें से 61 अभ्यर्थियों को लेटर ऑफ इंटेंट प्रदान किए गए।

वीरांगना रानी दुर्गावती शासकीय कन्या महाविद्यालय में आयोजित मेले का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आशीष गुप्ता, जिला रोजगार अधिकारी डॉ. श्याम कुमार धुर्वे, आईटीआई प्राचार्य शुभम वानखेड़े तथा अन्य अतिथियों ने किया।

जिला रोजगार अधिकारी डॉ. धुर्वे ने मध्यप्रदेश शासन की युवा संगम योजना की जानकारी देते हुए कहा कि इसका उद्देश्य युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार, कौशल विकास, अप्रेंटिसशिप तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने युवाओं से सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने और कौशल विकास पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया।

आईटीआई प्राचार्य शुभम वानखेड़े ने कौशल आधारित रोजगार और तकनीकी प्रशिक्षण के महत्व पर बल देते हुए युवाओं को अपनी रुचि के अनुरूप दक्षता विकसित करने की सलाह दी। टी.सी. मेसराम ने तकनीकी शिक्षा को रोजगार का प्रभावी माध्यम बताया।

मेले में 10 प्रतिष्ठित कंपनियों ने विभिन्न पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया संचालित की। चयनित 61 अभ्यर्थियों को लेटर ऑफ इंटेंट प्रदान किए गए। इसके अलावा सात युवाओं का अप्रेंटिसशिप तथा दो युवाओं का स्वरोजगार के लिए चयन किया गया। इस दौरान 81 अभ्यर्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित