गोपालगंज,05अक्टूबर (वार्ता) बिहार में गोपालगंज के जिला पदाधिकारी समीर सौरभ की उपस्थिति में सोमवार को रोगी कल्याण समिति के शासी निकाय की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सदर अस्पताल में मरीजों को बेहतर, सुगम एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा अस्पताल की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने का निर्देश दिया गया।
इस दौरान सदर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं, व्यय, मानव संसाधन की समीक्षा एवं आगामी तीन माह में किए जाने वाले कार्यों पर विमर्श हुआ।
उल्लेखनीय है कि अप्रैल 2025 से मार्च 2026 तक सदर अस्पताल में 2,48,162 ओपीडी मरीजों का उपचार किया गया, जबकि पैथोलॉजी, अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे, सीटी स्कैन एवं डायलिसिस सहित विभिन्न सेवाओं के तहत 1,53,097 सेवाएं प्रदान की गईं।वहीं आगामी तीन माह में ओपीडी, एनआरसी एवं एसएनसीयू भवन तथा अस्पताल की चारदीवारी का रंग-रोगन, पुराने ओपीडी एवं नए मॉडल अस्पताल में टीवी लगाने, दोनों भवनों में साइनेज लगाने तथा आवश्यकतानुसार एल्युमिनियम पार्टिशन एवं पर्दे लगाने का कार्य प्रस्तावित बताया गया।
समीक्षा बैठक में जिला पदाधिकारी ने उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करते हुए मरीजों की सुविधाओं में निरंतर सुधार के लिए आवश्यक कार्रवाई करने पर जोर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित