नयी दिल्ली , अक्टूबर 22 -- कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उनके बेटे रेहान वाड्रा की फोटो प्रदर्शनी से तस्वीरें हटाने को लेकर उठे विवाद के बीच उनकी अभिव्यक्ति का समर्थन करते हुए कहा है कि वह सच के रास्ते पर चल रहे हैं।

श्रीमती वाड्रा ने गुरुवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, "जब कोई ताकतवर व्यक्ति दूसरे की अभिव्यक्ति से डरने लगता है, तो उसे यह एहसास बिल्कुल नहीं होता कि वह खुद उस ताकत को पहले ही खो चुका है जिसे बचाने की वह कोशिश कर रहा है।"कांग्रेस सांसद ने अपने बेटे रेहान को संबोधित करते आगे लिखा "आप सत्य के लिए खड़े रहें और हर खूबसूरत चीज खुद आपके पास आने का अपना रास्ता बना लेगी। मुझे तुम पर गर्व है और हमेशा रहेगा-मां।"गौरतलब है कि रेहान वाड्रा की यहां बीकानेर हाउस में आयोजित फोटो प्रदर्शनी 'नो आइडिया इज़ फाइनल' के उद्घाटन से कुछ घंटे पहले प्रबंधन ने प्रदर्शन से कुछ तस्वीरें हटाने को कहा था । रेहान के अनुसार उनकी ये तस्वीरें देश में हुए विरोध-प्रदर्शनों पर आधारित थीं। उनके पिता रॉबर्ट वाड्रा ने आरोप लगाया कि प्रदर्शनी के उद्घाटन से ठीक पहले तस्वीरें हटाने को कहा गया, जबकि इससे पहले कोई आपत्ति नहीं जताई गई थी। उन्होंने बताया कि रेहान ने तस्वीरों को हटाने के फैसले पर अपना पक्ष रखा। इनमें राष्ट्रीय ध्वज वाली तस्वीर भी शामिल थी।

श्री रॉबर्ट वाड्रा ने भी अपने बेटे का समर्थन करते हुए कहा कि उनकी तस्वीरों को प्रदर्शित करने के लिए दूसरी जगह तलाशेंगे। वहीं, बीकानेर हाउस मैनेजमेंट सोसाइटी ने कहा कि कुछ तस्वीरें उसकी नीति के अनुरूप नहीं थीं, इसलिए उन्हें हटाने का अनुरोध किया गया। सोसाइटी के अनुसार, नीति के अनुरूप पाई गई तस्वीरों का प्रदर्शन जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित