रेवाड़ी , जून 14 -- हरियाणा में रेवाड़ी के धारूहेड़ा क्षेत्र के मालपुरा में रविवार सुबह एक कंपनी में आग लगने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही अग्निशमन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किये। कंपनी में वाहनों के शॉकर बनाए जाते हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मालपुरा-मऊ रोड स्थित जिंदल कंपनी में सुबह अचानक आग भड़क उठी, जिससे कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। कंपनी प्रबंधन ने तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

उल्लेखनीय है कि पिछले एक महीने में कंपनी में आग लगने की यह तीसरी घटना है। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित