चंडीगढ़ , मार्च 18 -- हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने बताया कि रेवाड़ी में कृषि भवन का निर्माण जल्द शुरू किया जाएगा।
यह जानकारी उन्होंने विधानसभा के बजट सत्र के दौरान एक सदस्य के सवाल के जवाब में दी।
मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा 15 जून 2025 को रेवाड़ी में कृषि भवन बनाने की घोषणा की गई थी। प्रारंभ में जिस भूमि पर भवन निर्माण प्रस्तावित था, उसका स्वामित्व पुनर्वास विभाग के पास था। अब यह भूमि कृषि एवं किसान कल्याण विभाग को स्थानांतरित कर दी गई है, जिससे निर्माण कार्य का रास्ता साफ हो गया है।
उन्होंने कहा कि भवन के लिए वास्तुकला विभाग से ड्राइंग और डिजाइन तैयार कराने का अनुरोध किया गया है। डिजाइन तैयार होते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी और निर्माण कार्य को गति दी जाएगी। सरकार का उद्देश्य किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और कृषि सेवाओं को और सुदृढ़ बनाना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित