चंडीगढ़ , अप्रैल 22 -- हरियाणा सरकार ने रेवाड़ी जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करते हुए करीब 12 नए एवं अपग्रेडेड स्वास्थ्य केंद्रों को मंजूरी दी है। इस फैसले से ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ेगी और मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर इलाज मिल सकेगा।
यह पहल केंद्रीय मंत्री राओ इंदरजीत सिंह के अनुरोध के बाद आगे बढ़ी, जिन्होंने स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राओ को पत्र लिखकर रेवाड़ी में स्वास्थ्य ढांचे के विस्तार की मांग की थी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार की और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।
सरकार ने पांच स्वास्थ्य केंद्रों को अपग्रेड करने का निर्णय लिया है। इसके तहत भाड़ावास और धारूहेड़ा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बदला जाएगा, जबकि झाबुआ, शहबाजपुर खालसा और टिंट के उपस्वास्थ्य केंद्रों को पीएचसी स्तर तक उन्नत किया जाएगा। इससे इन क्षेत्रों में विशेषज्ञ सेवाएं और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इसके अलावा, मीरपुर, अशियाकी टप्पा जड़थल, भांडोर, नठेड़ा और सुरखपुर सहित अन्य गांवों में सात नए उपस्वास्थ्य केंद्र खोले जाएंगे। भवन निर्माण पूर्ण होने तक संबंधित ग्राम पंचायतें अस्थायी तौर पर बिना किराया भवन उपलब्ध कराएंगी, ताकि सेवाएं तुरंत शुरू की जा सकें।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इस कदम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ेगी, बड़े अस्पतालों पर दबाव कम होगा और लोगों को समय पर उपचार मिल सकेगा। सरकार राज्य में स्वास्थ्य ढांचे को लगातार मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित