रेवाड़ी , अक्टूबर 09 -- हरियाणा में रेवाड़ी शहर के रेलवे रोड स्थित एक होटल में महेंद्रगढ़ जिले के गांव तिगरा निवासी सुशांत (32) का शव कमरे में फंदे पर लटका मिला है।
युवक पिछले पांच दिन से होटल में कमरा लेकर रह रहा था। घटना की सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
जानकारी के अनुसार आज दोपहर बाद होटल कर्मचारी ने कमरे का दरवाजा खोला तो अंदर सुशांत का शव मिला। इसके बाद होटल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया और मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी।
घटनास्थल से शराब की बोतल मिलने की बात भी सामने आई है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इसे युवक की मौत का कारण नहीं माना है। मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
सुशांत पिछले पांच दिनों से होटल में अकेला ठहरा हुआ था या उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी आया था, पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है। पुलिस होटल से जुड़े तथ्यों और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।
शहर थाना प्रभारी सूबे सिंह ने बताया कि होटल के कमरे में युवक का शव फंदे पर लटका मिला है। शव को नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों के पहुंचने के बाद नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित