हैदराबाद , जून 21 -- तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने रविवार को होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं को हार्दिक शुभकामनाएं दी और उनसे पूरे आत्मविश्वास के साथ तनावमुक्त होकर परीक्षा को देने का आग्रह किया है।
मुख्यमंत्री ने अभ्यर्थियों के नाम जारी अपने संदेश में कहा कि छात्र-छात्राओं को बिना किसी चिंता और दबाव के, शांत मन तथा पूर्ण आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों ने इस अत्यधिक प्रतिस्पर्धी प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए कड़ी मेहनत की है, इसलिए वे अपने प्रयासों, समर्पण और दृढ़ संकल्प पर भरोसा रखें।
तेलंगाना में लगभग 208 केंद्रों पर आयोजित होने वाली इस देशव्यापी परीक्षा में राज्य भर से करीब 2.95 लाख छात्र-छात्राओं के शामिल होने की उम्मीद है। यह परीक्षा लिखित रूप में दोपहर बाद दो बजे से शाम सवा पांच बजे तक आयोजित की जाएगी, जबकि सुरक्षा जांच और पहचान के मिलान की प्रक्रियाओं को सुचारू रूप से पूरा करने के लिए केंद्रों पर पहुंचने की प्रक्रिया काफी पहले शुरू हो जाएगी।
श्री रेड्डी ने बताया कि राज्य सरकार ने छात्र-छात्राओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए हैं, जिसमें उन्हें परीक्षा केंद्रों तक बिना किसी असुविधा के पहुंचाने के लिए राज्य परिवहन निगम की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देना शामिल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित