हैदराबाद , अक्टूबर 18 -- तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने रविवार को सद्दुला बथुकम्मा के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और इस पुष्पोत्सव को राज्य की संस्कृति, परंपराओं, प्रकृति के प्रति प्रेम और महिलाओं की एकता का प्रतीक बताया।
श्री रेड्डी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा किए गये अपने संदेश में कहा कि रंग-बिरंगे फूलों से बथुकम्मा सजाने, देवी गौरीअम्मा की पूजा करने और पारंपरिक गीतों एवं नृत्यों में भाग लेने के साथ मनाया जाने वाला नौ दिवसीय यह त्योहार तेलंगाना की समृद्ध संस्कृति और जीवनशैली को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि बथुकम्मा केवल फूलों का त्योहार नहीं है, बल्कि यह प्रकृति के प्रति सम्मान, महिलाओं की एकजुटता, महिलाओं और लड़कियों के आत्मसम्मान तथा सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पूर्वजों से विरासत में मिली इस मूल्यवान परंपरा को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित