हैदराबाद , जुलाई 19 -- तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने कांग्रेस नेताओं को मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान तीन अगस्त तक तेज करने का निर्देश देते हुए कहा है कि एसआईआर की बढ़ी हुई अवधि का उपयोग यह सुनिश्चित करने के लिए किया जाए कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से नहीं छूटे।
श्री रेड्डी ने रविवार को उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क, तेलंगाना कांग्रेस के अध्यक्ष महेश कुमार गौड़, एआईसीसी नेताओं, मंत्रियों, सांसदों, विधायकों, विधान परिषद सदस्यों, विधानसभा क्षेत्र प्रभारियों और एसआईआर समन्वयकों के साथ आयोजित जूम बैठक में कहा कि पार्टी राज्य की सभी 119 विधानसभा सीटों पर एसआईआर से संबंधित 489 बैठकें पहले ही कर चुकी है।
उन्होंने नेताओं को निर्देश दिया कि पुनरीक्षण प्रक्रिया पूरी होने तक अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में ही रहें, बूथ स्तरीय अभिकर्ताओं (बीएलए) के साथ मिलकर काम करें और केवल बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) की रिपोर्ट पर निर्भर न रहें। उन्होंने चेतावनी दी कि जिम्मेदारी निभाने में लापरवाही बरतने वाले सांसदों और अन्य नेताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित