हैदराबाद , अगस्त 21 -- तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी और तेलंगाना कांग्रेस के अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ ने प्रसिद्ध अभिनेत्री एवं पद्म श्री से सम्मानित साहूकार जानकी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है और उनके निधन को भारतीय फिल्म उद्योग के लिये एक अपूरणीय क्षति बताया है।

श्री रेड्डी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट साझा करते हुये साहूकार जानकी के लगभग सात दशक लंबे करियर और बचपन में नाटकों में अभिनय करने से लेकर दक्षिण भारतीय सिनेमा की सबसे सम्मानित अभिनेत्रियों में से एक बनने तक की उनकी यात्रा को याद किया।

उन्होंने कहा कि उनके द्वारा निभाये गये यादगार किरदार दर्शकों के दिलों में हमेशा के लिये अंकित रहेंगे और उनकी अनुपस्थिति ने फिल्म उद्योग में एक अपूरणीय रिक्ति पैदा कर दी है।

श्री गौड़ ने भी उनके निधन पर गहरा दुख और शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि साहूकार जानकी ने अपने स्वाभाविक अभिनय और उल्लेखनीय भाव-भंगिमाओं से सात दशकों से अधिक समय तक दर्शकों की कई पीढ़ियों का मनोरंजन किया।

श्री कुमार ने उन्हें एक महान कलाकार बताया, जिन्होंने तेलुगू, तमिल, कन्नड़ और मलयालम फिल्मों में अपने विशिष्ट प्रदर्शनों के माध्यम से भारतीय सिनेमा में अपना एक अनूठा स्थान बनाया है।

उन्होंने कहा कि उनका निधन फिल्म जगत और उनके अनगिनत प्रशंसकों के लिये बड़ी क्षति है। श्री कुमार ने उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने भी उनके निधन पर गहरा दुख और शोक व्यक्त करते हुये कहा, " दिग्गज अभिनेत्री और गायक साहूकार जानकी (94) के अचानक निधन से मुझे गहरा सदमा लगा है। 400 से अधिक फिल्मों में अभिनय करने और कई पुरस्कार और अगिनत प्रशंसाएं प्राप्त करने के बाद, साहूकार जानकी ने हमें शारीरिक रूप से भले ही छोड़ दिया होगा, लेकिन उनके द्वारा चित्रित पात्रों के माध्यम से वह हमेशा हमारे दिलों में अमर रहेंगी।"श्री नायडू ने उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित