हैदराबाद , अगस्त 20 -- तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न राजीव गांधी को गुरुवार को उनकी 82वीं जयंती पर श्रद्धांजलि दी।

इन नेताओं ने इसके साथ ही भारत के आधुनिकीकरण, प्रौद्योगिकी को बढ़ावा देने और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में उनके योगदान को इस मौके पर याद किया।

श्री रेड्डी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, " राजीव गांधी की जयंती सद्भावना दिवस के रूप में मनायी जाती है, जो शांति, भाईचारे, धार्मिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। "उन्होंने लोगों को पूर्व प्रधानमंत्री के आदर्शों पर चलने एवं एक मजबूत और न्यायसंगत भारत बनाने की दिशा में काम करने के लिये प्रोत्साहित किया।

राज्य के सड़क एवं भवन मंत्री कोमाटिरेड्डी वेंकट रेड्डी ने भी नालगोंडा में हैदराबाद रोड पर श्री गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके कंप्यूटर प्रौद्योगिकी, दूरसंचार, शिक्षा, ग्रामीण विकास और पंचायती राज में उनके योगदान को याद किया।

उन्होंने कहा कि मतदान के लिए श्री गांधी के उम्र 21 से घटाकर 18 वर्ष करने के फैसले ने लाखों युवाओं को ताकत दी। मंत्री सीताक्का ने भी प्रजा भवन में श्री गांधी की तस्वीर पर माला चढ़ाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी और देश के लिये उनकी सेवाओं को याद किया।

तेलंगाना कांग्रेस के अध्यक्ष और एमएलसी महेश कुमार गौड़ ने निज़ामाबाद में विनायक नगर में हनुमान जंक्शन पर श्री गांधी की मूर्ति पर माला चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी।

उन्होंने श्री गांधी के दूरदर्शी दृष्टिकोण, विशेष रूप से युवाओं, प्रौद्योगिकी और स्थानीय स्वयं-सरकारी संस्थानों को मजबूत बनाने पर ध्यान केन्द्रित किया।

इस कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बोब्बिली रामकृष्ण, कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद थे।

श्री रेवंत रेड्डी और कांग्रेस नेताओं ने इस दौरान लोगों से मौजूदा मतदाता संशोधन प्रक्रिया के दौरान सतर्क रहने और उनके नाम और विवरण सही तरीके से मतदाता सूची में शामिल करने को सुनिश्चित कराने का आग्रह किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित