हैदराबाद/खम्मम , जुलाई 10 -- तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने शुक्रवार को भरोसा जताया कि अगले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस फिर से सत्ता में लौटेगी। उन्होंने भविष्यवाणी की कि पार्टी प्रस्तावित 182 विधानसभा सीटों में से 117 से अधिक सीटों पर जीत हासिल करेगी।
मुख्यमंत्री ने खम्मम जिले के चिंताकनी मंडल के जगन्नाथपुरम में वनकलम रयथु भरोसा सहायता की अंतिम किश्त जारी करने के अवसर आयोजित "रयथु आशीर्वाद सभा" नामक कार्यक्रम लोगों को संबोधित कर हे थे। श्री रेड्डी ने वर्ष 2023 में खम्मम से कांग्रेस के राजनीतिक पुनरुत्थान को याद किया और कहा कि पार्टी अगले चुनावों में एक बार फिर निर्णायक जनादेश हासिल करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) "धनबल, झूठे प्रचार और फर्जी सर्वेक्षणों" पर भरोसा कर रही है और दावा किया कि खम्मम के लोगों ने उस पार्टी को खारिज कर दिया है।
इस अवसर पर किसानों को ई-पट्टादार पासबुक भी बांटी गयी। श्री रेड्डी ने कहा कि यह भारी भीड़ कांग्रेस सरकार और उसके कल्याणकारी एजेंडे के लिए बढ़ते जनसमर्थन को दर्शाती है। रयथु भरोसा योजना के तहत नौ हजार करोड़ रुपये नौ दिनों के भीतर किसानों के खातों में भेजे गए हैं। उन्होंने आगे कहा कि सरकार ने पिछले 30 महीनों में कृषि और संबंधित कल्याणकारी उपायों पर लगभग पौने दो हजार करोड़ रुपये खर्च किए हैं, जिसमें कृषि ऋण माफी, मुफ्त बिजली, फसल बीमा, धान खरीद पर बोनस और फसल के नुकसान का मुआवजा शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने 25 लाख से अधिक किसानों के 2 लाख रुपये तक के फसल ऋण माफ किए हैं, 67,717 लोगों को सरकारी नौकरियों में भर्ती किया है, महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा दी है, इंदिरम्मा आवास स्वीकृत किए हैं, सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से बढ़िया चावल वितरित किया है और पात्र परिवारों को मुफ्त बिजली की आपूर्ति की है। उन्होंने उप मुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्क के अनुरोध पर मधिरा निर्वाचन क्षेत्र के लिए एक इंजीनियरिंग कॉलेज को मंजूरी देने की भी घोषणा की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित