हैदराबाद , मई 11 -- तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बी संजय कुमार के बेटे बी भगीरथ साई के खिलाफ दर्ज मामले की तत्काल जांच शुरू करने के लिए पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) सी वी आनंद को निर्देश दिये हैं।

आधिकारिक बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री ने आठ मई को शिकायत मिलने के बावजूद कार्रवाई में देरी को लेकर डीजीपी से सवाल किया। डीजीपी ने उन्हें मामले की विस्तृत जानकारी दी और उन्हें बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हैदराबाद दौरे के दौरान पुलिस बल को सुरक्षा व्यवस्था में बड़े पैमाने पर लगाया गया था।

मुख्यमंत्री ने डीजीपी को मामले की पूरी जांच करने के लिए स्पेशल टीम बनाने का निर्देश दिया।

विदित हो कि एक नाबालिग लड़की के परिवार के आरोपों के बाद भगीरथ साई के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। .इस बीच भगीरथ साईं ने करीमनगर में एक जवाबी शिकायत दर्ज कराई, जिसमें लड़की के परिवार पर जबरन वसूली और ब्लैकमेल करने की कोशिश का आरोप लगाया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित