मुरादाबाद , मई 31 -- उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल द्वारा ग्रीष्म काल में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यात्रा के दौरान अस्वस्थ होने वाले यात्रियों को निरंतर 24 गूणा 7 त्वरित चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
इसी कड़ी में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने रविवार को बताया कि आज़ प्रातः 07:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक कमर्शियल कंट्रोल, मुरादाबाद को ऑनबोर्ड टीटीई द्वारा प्राप्त सूचनाओं के आधार पर त्वरित कार्रवाई की गई। मंडल द्वारा संबंधित स्टेशनों पर मेडिकल टीम की व्यवस्था कर कुल 07 अलग-अलग मामलों में यात्रियों को आवश्यक उपचार और मेडिकल असिस्टेंस प्रदान किया गया।
विवरण के अनुसार, गाड़ी संख्या 12357 के कोच बी-7 की बर्थ 27 पर यात्रा कर रहे यात्री को मुरादाबाद स्टेशन पर उपचार दिया गया। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 15909 के तीन अलग-अलग कोचों एस-1 (बर्थ 42), एस-3 (बर्थ 31) और एस-2 (बर्थ 51) में बीमार हुए यात्रियों को क्रमशः शाहजहाँपुर और बरेली स्टेशनों पर मेडिकल सहायता उपलब्ध कराई गई। इसके अतिरिक्त गाड़ी संख्या 13006 के कोच ए-1 की बर्थ 17 पर यात्रा कर रही एक महिला यात्री को बरेली स्टेशन पर चिकित्सीय अटेंडेंस दी गई, जबकि गाड़ी संख्या 04013 के कोच एस-4 और एस-9 में अस्वस्थ हुए यात्रियों को भी बरेली स्टेशन पर समय रहते उपचार किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित