चंडीगढ़ , जुलाई 31 -- आम आदमी पार्टी के श्री आनंदपुर साहिब से सांसद मलविंदर सिंह कंग ने शुक्रवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर पंजाब से जुड़ी लंबित रेल परियोजनाओं और सार्वजनिक सुरक्षा संबंधी मुद्दों पर चार प्रमुख मांगें रखीं।

यहां जारी विज्ञप्ति के अनुसार श्री कंग ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से राज्य में रेल संपर्क, यातायात व्यवस्था और जन सुरक्षा को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने सबसे पहले शहीद भगत सिंह नगर जिले के राहों-घकूवाल-करियाम रोड स्थित नवांशहर रेलवे फाटक पर रेलवे अंडर ब्रिज (आरयूबी) के निर्माण को तत्काल मंजूरी देने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस रेलवे क्रॉसिंग पर हजारों यात्रियों, किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और आपातकालीन वाहनों को रोजाना भारी जाम और लंबी देरी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने करियाम रोड रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरपास निर्माण की भी मांग की।

श्री कंग ने बताया कि यह रेलवे फाटक प्रतिदिन लगभग आठ से 10 घंटे तक बंद रहता है, जिससे राहों, घकूवाल, करियाम, बेली, बड़ा पिंड, भौवाल और तप्पड़ियां बास सहित कई गांवों के लोगों की आवाजाही, कृषि कार्य और आपातकालीन सेवाएं प्रभावित होती हैं।

सांसद ने होशियारपुर जिले के गढ़शंकर क्षेत्र में गांव बसियाला स्थित रेलवे क्रॉसिंग (सी-62) पर पूर्ण सुरक्षा व्यवस्था लागू करने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि रेल सेवाएं बहाल होने और विद्युतीकरण पूरा होने के बाद यह मानवरहित क्रॉसिंग स्कूली बसों, कृषि मशीनरी, एंबुलेंस और आम लोगों के लिए गंभीर सुरक्षा जोखिम बन गयी है। उन्होंने यहां रेलवे कर्मियों की तैनाती और सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

बैठक के दौरान कंग ने ऐतिहासिक श्री चमकौर साहिब को रेल नेटवर्क से जोड़ने की लंबे समय से लंबित मांग भी उठायी। उन्होंने कहा कि बड़े साहिबजादों की शहादत से जुड़े इस ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल को अब तक रेल संपर्क नहीं मिल पाया है। इसके अलावा उन्होंने बलाचौर क्षेत्र को भी रेल नेटवर्क से जोड़ने की मांग करते हुए कहा कि इससे क्षेत्रीय विकास, पर्यटन और लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी।

श्री कंग ने कहा कि रेल मंत्री ने उनकी सभी मांगों को गंभीरता से सुना और प्राथमिकता के आधार पर विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने उम्मीद जताई कि पंजाब की इन लंबे समय से लंबित परियोजनाओं को जल्द स्वीकृति मिलेगी तथा वे राज्य के लोगों के हितों से जुड़े मुद्दों को आगे भी लगातार उठाते रहेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित