नयी दिल्ली , नवंबर 07 -- केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आनंद विहार रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया और यात्रियों से सीधे बातचीत कर उनके यात्रा अनुभवों को जाना।

इस सीधे संवाद का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि रेलवे की वर्तमान व्यवस्थाओं से आम यात्री कितना संतुष्ट हैं और धरातल पर सुविधाओं का प्रभाव कैसा है।

निरीक्षण के दौरान रेल मंत्री ने युवाओं, महिलाओं और बच्चों से आत्मीयता से मुलाकात की और भारतीय रेलवे की ओर से दी जा रही विभिन्न सुविधाओं एवं सेवाओं के बारे में उनकी राय पूछी।

बातचीत में यात्रियों ने रेलवे की सुविधाओं में लगातार हो रहे सुधार और आधुनिक बदलावों के लिए रेल मंत्री का धन्यवाद व्यक्त किया। मंत्री ने युवाओं का उत्साह बढ़ाते हुए उनकी पीठ थपथपाई, वहीं बच्चों से हाथ मिलाकर अपना स्नेह जताया।

दौरे के दौरान रेल मंत्री बिल्कुल आम नागरिक की तरह लोगों से घुलते-मिलते नजर आए। उन्होंने स्टेशन स्थित चाय के स्टाल पर रुककर चाय की चुस्की ली और यूपीआई के जरिए भुगतान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित