कपूरथला , मार्च 07 -- पंजाब में कपूरथला स्थित रेल डिब्बा कारखाना (आरसीएफ) में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शनिवार को एक विशेष कार्यक्रम आयोतकम किया गया। यह कार्यक्रम रेलवे बोर्ड के निर्देशों के अनुरूप आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य महिलाओं की उपलब्धियों को रेखांकित करना तथा समाज में लैंगिक समानता को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं की उल्लेखनीय उपलब्धियों को उजागर किया गया तथा यह संदेश दिया गया कि राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की पूर्ण और सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम में प्रधान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ ललिता रामालिंगम तथा प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त रेनू पुष्कर छिब्बर ने विशेष वक्ता के रूप में भाग लिया और अपने प्रेरणादायक विचार साझा किये। उन्होंने महिलाओं के स्वास्थ्य, सुरक्षा, आत्मनिर्भरता तथा कार्यस्थल पर समान अवसरों के महत्व पर विशेष बल दिया।
इस अवसर पर महिला कर्मचारियों के स्वास्थ्य और कल्याण को ध्यान में रखते हुए एक विशेष स्वास्थ्य एवं वेल-बीइंग शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिला कर्मचारियों ने भाग लेकर स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श का लाभ उठाया। कार्यक्रम के अंतर्गत विचार-विमर्श का भी आयोजन किया गया, जिसमें महिला कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए महिला सशक्तिकरण, समान अवसर तथा समाज में महिलाओं की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किये।
इस अवसर पर वक्ताओं ने सभी से यह आह्वान किया कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और समानता को सुनिश्चित करते हुए एक ऐसे समाज का निर्माणकिया जाये, जिसमें महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी क्षमता का पूर्ण उपयोग कर सकें और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान दे सकें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित