कपूरथला , अक्टूबर 31 -- रेल कोच फैक्टरी (आरसीएफ), कपूरथला में शनिवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस मौके पर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश देने के लिए 'रन फॉर यूनिटी' का आयोजन किया गया, जिसे आरसीएफ के महाप्रबंधक अजय नंदन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस दौड़ में आरसीएफ के बड़ी संख्या में अधिकारियों और कर्मचारियों के अलावा रेलवे सुरक्षा बल के जवानों तथा खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने एकता, अनुशासन और राष्ट्रीय एकीकरण के मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।

इस अवसर पर अजय नंदन ने सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि देश की रियासतों के एकीकरण और मजबूत भारत की नींव रखने में उनका ऐतिहासिक योगदान रहा है। उन्होंने सभी से सरदार पटेल के आदर्शों को अपने जीवन और कार्यक्षेत्र में अपनाने तथा आपसी सम्मान, सद्भाव और राष्ट्रीय एकजुटता को मजबूत करने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित