, March 16 -- कांग्रेस के बेनी बेहनान ने कहा कि रेलवे के मामले में केरल की उपेक्षा की गयी है। केरल वर्षों से एक रेलवे कोच फैक्ट्री की मांग कर रही है लेकिन अब तक पूरा नहीं किया गया। केंद्र सरकार लगातार हमारे निर्वाचन क्षेत्र चलाकुडी की अनदेखी कर रही है।
भाजपा के रामवीर सिंह बिधुड़ी ने कहा कि रेल सभी के जीवन का अभिन्न हिस्सा है यह लोगों की जीवन रेखा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में भारतीय रेलवे का कायाकल्प किया जा रहा है। रेलवे में सुरक्षा और आधुनिकीकरण पर लगातार ध्यान केंद्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि अब प्रतिदिन औसत 14.5 किलोमीटर ट्रैक बिछाया जा रहा है जो पहले की तुलना में काफी है। आज जम्मू कश्मीर घाटी में वंदे भारत ट्रेन पूरी गति से चल रही है।
उन्होंने कहा कि रेलवे के ढांचे को मजबूत बनाने के लिए सरकार ने विशेष ध्यान दिया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के रेलवे स्टेशनों पर अधिक सुविधायें दी गयी जिसका यात्रियों को लाभ मिल रहा है। दिल्ली में बहुत बड़ी संख्या में अलग अलग राज्यों के लाखों लोग रहते हैं और उत्सव के समय अपने घर जाते हैं। सरकार ने उत्सवों खासकर छठ के समय विशेष ट्रेन चलाकार सुरक्षित यात्रा संपन्न कराने का काम किया है।
समाजवादी पार्टी के देवेश शाक्य ने कहा कि उनका लोकसभा क्षेत्र एटा रेलवे के लिहाज से काफी पिछड़ा हुआ है। दिल्ली से जोड़ने के लिए सरकार से लगातार मांग की जा रही है लेकिन अब तक नहीं हो पाया है। उन्होंने एटा कासगंज रेलवे परियोजना विलंब न हो यह सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि उनके क्षेत्र में चार आरओबी स्वीकृत कर दिया जाये तो वहां के लोगों को लाभ मिलेगा। उन्होंने पैसेंजर ट्रेनें बढाने की मांग की ताकि अधिक से अधिक लोगों को यात्रा में फायदा मिल सके।
भाजपा के वी. वाई. राघवेन्द्र ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में रेलवे का तेजी से विकास किया जा रहा है। उन्होंने शिमोगा में रेलवे लाइन को डबल करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस बजट ने सिद्ध किया कि मोदी की गारंटी सिर्फ नारा नहीं बल्कि गारंटी है।
कांग्रेस की कुमारी शैलजा ने कहा कि यह बजट कारपोरेट की हितों की रक्षा करने वाली प्रतीत होती है जिसमें आम लोगों के हितों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि यात्री और माल ढुलाई की व्यवस्था लचर है। उन्होंने कहा कि हरियाण में रेलवे की कई परियोजनाएं लंबित है इस पर ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा एक तेजी से बढता हुआ क्षेत्र है इसलिए इस क्षेत्र में रेलवे संपर्क को बढावा दिया जाना चाहिए। इस राज्य का देश के जीडीपी में तीन से चार प्रतिशत का योगदान है। अच्छे रेलवे नेटवर्क से आर्थिक गतिविधियों को बढावा मिलेगा। उन्होंने भटिंडा से दिल्ली तक हिसार के रास्ते वंदे भारत ट्रेन चलाने की मांग की ताकि इस क्षेत्र के लोगों को लाभ मिल सके।
तेलुगु देशम पार्टी के बस्तीपति नागराजू ने कहा कि पिछले कुछ सालों में रेलवे दुर्घटनाओं में कमी एक सुखद बात है। रेलवे के क्षेत्र में तेज गति से विकास किया जा रहा है। रेलवे के क्षेत्र में बड़े स्तर पर विकास का काम किया जा रहा है जो सराहनीय काम है। देश भर के रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया गया है।
भाजपा के विष्णु दयाल राम ने कहा कि रेलवे गांव में किसानों को मंडी से जोड़ने के साथ साथ श्रमिकों को गांव से शहर ले जाने का काम करती है। उन्होंने कहा कि पूरे विश्वास से कहना चाहता हूं कि वर्तमान रेल मंत्री का दृष्टिकोण भविष्य की जरूरतों को पूरा करने वाला है। रेल मंत्री की तकनीकी सोच का परिणाम है कि आज रेल यातायात सुरक्षित महसूस हो रहा है। सरकार रेलवे के दीर्घकालिक अवसंरचना के विकास पर काम कर रही है जो सराहनीय कदम है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित