, March 16 -- सिक्किम क्रांतिकारी पार्टी के डॉ इंद्र हांग सुब्बा ने कहा कि सिक्किम देश के रेल तंत्र से जुड़ने जा रहा है और इसको लेकर वहां के लोगों में जबरदस्त उत्साह है। उनका कहना था कि इस रेलवे लाइन का डीपीआर बन गया है। उन्होंने सरकार के इस निर्णय पर खुशी जताई और कहा कि सिक्किम को रेल से जोड़ना अभूतपूर्व घटना है और उन्हें विश्वास है कि इस परियोजना से सिक्किम में विकास की नयी लहर पैदा होगी। जनसेना पार्टी के टी उदय श्रीनिवास ने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि मोदी सरकार में रेल ने अभूतपूर्व उपलब्धि हासिल की है और मोदी सरकार के आने के बाद रेल दुर्घटनाओं का आंकड़ा भी कम हो गया है। उन्होंने कहा कि रेल गलियारे के निर्माण से मछुआरों तथा उद्योग से जुड़े लोगों को बहुत होगा। उनका कहना था कि यह क्षेत्रीय नहीं बल्कि राष्ट्रीय परियोजना है।
एमडीएमके के दुरई वाइको ने रेल मंत्री का आभार जताया कि उनके क्षेत्र में रेल संपर्क के लिए लंबी मांग पूरी हुई है और वहां रेल पुल के निर्माण को मंत्रालय ने मंजूरी दी है। उनका कहना था कि यह उनके क्षेत्र के लोगों की बहुत पुरानी मांग पूरी हुई है। इसके अलावा वाराणसी-अयोध्या-रामेश्वरम रेल को मंजूरी दी है और इससे यात्रियों को बहुत बड़ा लाभ होगा।
आजाद समाज पार्टी के एडवोकेट चंद्रशेखर ने कहा कि भारतीय रेलवे बहुत बड़ा तंत्र है लेकिन इसके बावजूद देश में रेल सेवा अपेक्षा से कमजोर है। उन्होंने कहा कि जो निवेश रेलवे में हो रहा है क्या इससे आम नागरिकों को सुविधा मिल रही है। उनका यह भी कहना था कि भारतीय रेल में 12 लाख कर्मचारी हैं और तीन लाख पद अब भी खाली हैं। उनका कहना था कि इन पदों को भरकर देश के युवाओं को रोजगार के अवसर दिये जाने चाहिए।
निर्दलीय उमेश भाई बाबूभाई पटेल ने कहा कि उनके क्षेत्र को भी रेलवे की कनेक्टिविटी से जोड़ा जाना चाहिए। दमन को आधुनिक रेल तंत्र से जोड़ने की मांग करते हुए उन्होंने कहा कि इससे उनके संसदीय क्षेत्र का विकास होगा और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा। उन्होंने अपने क्षेत्र के विभिन्न स्टेशनों पर लोगों की सुविधा के लिए लंबी दूरी की ट्रेनों के स्टापेज देने की मांग की और कहा कि उनके संसदीय क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग मुंबई रोजगार के लिए हर दिन आते-जाते हैं। उनकी सुविधा के लिए लंबी दूरी की रेलों के स्टाप देकर लोगों को ज्यादा सुविधा प्रदान की जा सकती है।
भाजपा के अनिल फिरोजिया ने कहा कि रेल भारत की अर्थव्यवस्था को बढा रही है और देश के सामाजिक तथा आर्थिक विकास की रीढ़ है। उन्होंने कहा कि रेल में अभूतपूर्व निवेश हुआ है जिसके कारण रेल लाइनें बहुत तेजी से बढ़ी और भारतीय रेलों का आधुनिकीकरण तेज गति से हुआ है। सरकार की इन पहलों का लाभ देश के करोड़ों लोगों को मिल रहा है। रेल की विकास की गति जिस तरह से आगे बढ रही है उससे भारत दुनिया के विकसित देशों में शामिल हो रहा है। विकसित देशों में रेल परिवहन की जो सुविधा है वह भारतीय रेल यात्रियों को भी मिल रही है। उनका कहना था कि रेलवे भारतीय समरसता और आर्थिक विकास के नये मानदंड तय कर रही है और देश में रेल परियोजनाओं का तेजी से विकास हो रहा है। गतिशक्ति योजना को विकास की गारंटी बताते हुए उन्होंने कहा कि उनके क्षेत्र की लाइनों को भी इसमें शामिल किया गया है जिससे विकास को सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने देश में मौजूद सभी 12 ज्योतिर्लिंगों को वंदेभारत रेल से जोड़ने की भी सरकार से मांग की।
कांग्रेस के उज्ज्वल रमण सिंह ने कहा कि रेलवे लाइनों के कारण क्रासिंग है लेकिन उनका सही संचालन नहीं हो पा रहा है। प्रयागराज में कई क्रासिंग है लेकिन वहां आज भी बदतर स्थिति बनी हुई है। उन्होंने ठेके पर नौकरियों का भी विरोध किया और कहा कि रेलवे के वित्तीय प्रबंधन को और कुशल बनाये जाने की जरूरत है। प्रयागराज मुंबई दुरंतो को प्रतिदिन करने की मांग करते हुए उन्होंने कहा कि प्रयागराज से देश के विभिन्न हिस्सों को जोड़ने के लिए रेलों के साप्ताहिक फेरों को बढाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रयागराज में आइजोल को जोड़ने वाली रेलों से जोड़ा जाना चाहिए।
निर्दलीय विशालदादा प्रकाशबाबू पाटिल ने महाराष्ट्र में सांगली स्टेशन में स्केलटर जैसी सुविधा देने के साथ ही कुछ अन्य जरूरी सुविधाएं देने की भी मांग की और कहा कि वहां हर महत्वपूर्ण रेलगाडियों की सुविधा यात्रियों को मिलनी चाहिए। भाजपा की भारती पारधी ने कहा कि मोदी शासन में देश में अत्याधुनिक रेलों का संचालन हो रहा है और स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय रेल दुनिया की सबसे सुरक्षित रेल सेवा बनने की राह पर अग्रसर हो रही है।
चर्चा अधूरी रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित