जयपुर , फरवरी 20 -- उत्तर-पश्चिम रेलवे होली पर्व एवं सीकर जिले में स्थित खाटूश्यामजी में आयोजित वार्षिक मेले के अवसर पर यात्रियों एवं श्रद्धालुओं के अतिरिक्त यात्री भार के मद्देनजर व्यापक एवं विशेष व्यवस्थाओं के लिए विशेष अभियान चलायेगा।
उत्तर-पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार रेलवे द्वारा विभिन्न मार्गाें पर यात्री भार की समीक्षा कर यात्रियों को सुगम रेलयात्रा के लिए स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। होली के त्योहार एवं खाटूश्यामजी मेले की अवधि के दौरान यात्रियों को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की कठिनाई न हो इसके लिए विशेष अभियान चलाया जायेगा।
होली पर्व पर उत्तर-पश्चिम रेलवे द्वारा 23 स्पेशल ट्रेनों के 113 फेरे तथा 24 स्पेशल ट्रेनों के 114 फेरे की अवधि में विस्तार की अधिसूचना जारी की की गयी है। इस दौरान ट्रेनों और स्टेशनों पर सुरक्षा, स्वच्छता तथा अनधिकृत यात्रा रोकथाम जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष अभियान चलाये जाएंगे ताकि यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं आरामदायक यात्रा सुविधा प्रदान की जा सके। इन अभियानों के लिए मुख्यालय स्तर और मण्डल स्तर पर टीम का गठन किया गया है, जो नियमित रूप से स्टेशनों और ट्रेनों का निरीक्षण करेगी।
उत्तर-पश्चिम रेलवे यात्रियों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और रेलवे सुरक्षा बल के दस्तों द्वारा स्टेशनों और ट्रेनों में गहन जांच की जाती है। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के तहत कोई भी अवांछनीय गतिविधि पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। इन जांच अभियानों में बिना टिकट यात्रा, निर्धारित श्रेणी के अतिरिक्त अन्य डिब्बों में यात्रा, अनधिकृत वेडिंग और गंदगी करने वाले यात्रियों के विरुद्ध भी कार्यवाही की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित