बैतूल , जून 03 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के बोरदेही रेलवे स्टेशन पर हुए हत्याकांड के मामले में राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी अभी फरार है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार छिंदवाड़ा निवासी अली खान की हत्या ट्रेन में सीट को लेकर हुए विवाद के बाद की गई थी। मामले की जांच के दौरान जीआरपी ने नवीन पाटील, अमित उबनारे, अयान खान तथा कन्हैया उर्फ काली को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों का चिकित्सीय परीक्षण कराने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार मृतक के साथ यात्रा कर रहे उसके साथियों ने बताया कि ट्रेन में सीट को लेकर सबसे पहले सागर नामक युवक का अली खान से विवाद हुआ था। साथियों द्वारा उपलब्ध कराए गए फोटो और हुलिए के आधार पर पुलिस उसकी तलाश कर रही है। सागर को मामले का मुख्य आरोपी माना जा रहा है।

इस बीच घटना के बाद हत्या का प्रकरण दर्ज करने में हुई देरी को लेकर भी सवाल उठे हैं। जीआरपी ने इस संबंध में मर्ग जांच प्रक्रिया का हवाला दिया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है तथा फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित