नयी दिल्ली , मई 08 -- रेलवे से जुड़े अपराधों के मामले में राष्ट्रीय राजधानी 2024 में शीर्ष स्थान पर रही थी।
यह खुलासा राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) की हालिया रिपोर्ट में हुआ है। एनसीआरबी की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार 2024 में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में दिल्ली में शासकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के तहत अपराधों की दर सबसे ज़्यादा रही। यहां प्रति एक लाख आबादी पर 24.3 मामले दर्ज किए गये।
एनसीआरबी आंकड़ों से पता चलता है कि राष्ट्रीय राजधानी में 2024 में जीआरपी ने 5,315 मामले दर्ज किये, , जो 2023 के 5,176 मामलों और 2022 के 3,243 मामलों से अधिक है।
देश के बड़े राज्यों में इस मामले में महाराष्ट्र शीर्ष स्थान पर रहा। महाराष्ट्र में जीआरपी ने 2024 में 20,519 मामले दर्ज किये। इसके बाद मध्य प्रदेश में 12,931 और गुजरात में 8,220 मामले दर्ज किए गये।
अपराध दर के मामले में भी दिल्ली अव्वल रही। यहां पर अपराध की दर 24.3 प्रतिशत रही। इसके बाद केरल दूसरे स्थान पर रहा, जहां पर अपराध दर 19.5 प्रतिशत रही। वहीं महाराष्ट्र में अपराध की दर 16.1 तथा मध्य प्रदेश में 14.7 प्रतिशत रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित