भागलपुर, अक्टूबर 10 -- ूर्व रेलवे के मालदा मंडल के बड़हरवा-भागलपुर रेलखंड पर साहिबगंज स्टेशन के समीप रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने जम्मू -कश्मीर से लौट रहे एक बंगलादेशी घुसपैठ को पकड़ा है। मालदा मंडल के रेलवे सुरक्षा बल के उप समादेष्टा वरुण कुमार बेहरा ने शनिवार को यहां बताया कि दिल्ली से कामाख्या जा रही 15657 ब्रह्मपुत्र मेल ट्रेन के शुक्रवार की देर रात साहिबगंज स्टेशन से रवाना होने के बाद कुछ दूर आगे चेन पुलिंग होने के कारण ट्रेन रुक गई। ट्रेन में रेलवे सुरक्षा बल के चलंंत दस्ते ने चेन पुलिंग की जांच के दौरान शक के आधार एक युवक से पूछताछ करना शुरु किया।उन्होंने बताया कि उक्त युवक से गहन पूछताछ के दौरान उसकी पहचान एक बंगलादेशी घुसपैठ मोहम्मद सुमन मियां के रुप में हुई।वह बंगलादेश के कुर्सीगंज जिले के रानीगंज क्षेत्र का रहने वाला है और करीब तीन महीने पहले जुलाई(वर्ष 2026) में असम से सटे बंगलादेश और भारत सीमा पर एक दलाल को दस हजार रुपए देकर गौहाटी आया था।
श्री बेहरा ने बताया कि गुवाहाटी से सुमन मियां ट्रेन से जम्मू-कश्मीर गया और वहां पर एक दुकान में काम करने लगा। इधर करीब तीन महीने बाद वह काम छोड़कर दिल्ली आया और फिर ब्रह्मपुत्र मेल ट्रेन पकड़कर वापस गुवाहाटी लौट रहा था। तभी साहिबगंज स्टेशन के पास ट्रेन में हुए चेन पुलिंग के दौरान वह पकड़ा गया।
उप समादेष्टा ने बताया कि इस सिलसिले में रेलवे सुरक्षा बल द्वारा आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद बंगलादेशी घुसपैठ सुमन मियां को साहिबगंज रेल थाना को सौप दिया गया है। रेल पुलिस उसके विरुद्ध एक प्राथमिकी दर्ज कर सुसंगत धाराओं में अग्रतर कार्रवाई कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित