संतकबीरनगर , सितंबर 4 -- उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले में थाना कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने रेलवे में फर्जी तरीके से नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करने और कूटरचित दस्तावेज तैयार करने के मामले में 25 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश दूबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए सोनू कुमार उर्फ संगम पुत्र संतोष कुमार, निवासी ग्राम दारानगर, थाना लहरपुर, जनपद सीतापुर को हड़िया पुल, बस्ती से गिरफ्तार किया।
उन्होंने बताया कि 18 मार्च 2025 को गोरखल निवासी जयशंकर पुत्र नागेन्द्र सिंह की तहरीर पर कोतवाली खलीलाबाद में आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और कूटरचित दस्तावेजों के जरिए रेलवे में फर्जी नौकरी दिलाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मुकदमा दर्ज होने के बाद से आरोपी लगातार वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस टीम ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित