शाहजहांपुर , अक्टूबर 06 -- ऑल इंडिया रेलवे मैन्स फेडरेशन (एआईआरएफ) के महामंत्री शिव गोपाल मिश्रा के आह्वान पर रेलवे में आउटसोर्सिंग और निजीकरण के विरोध में चल रहे राष्ट्रव्यापी आंदोलन के तहत एनआरएमयू की शाहजहांपुर शाखा ने मंगलवार को प्रदर्शन किया।

सहायक मंडल मंत्री नरेंद्र कुमार त्यागी ने मंगलवार को बताया कि भारतीय रेल देश की जीवनरेखा है और लाखों परिवारों की उम्मीदों का आधार है। आउटसोर्सिंग और निजीकरण से रेल कर्मचारियों के साथ यात्रियों की सुरक्षा, संरक्षा और युवाओं के स्थायी रोजगार पर भी असर पड़ेगा।

उन्होंने सरकार से रेलवे के रिक्त पदों को भरकर युवाओं को स्थायी रोजगार देने की मांग की। उन्होंने बताया कि आउटसोर्सिंग और निजीकरण के विरोध को मजबूती देने के लिए आठ अक्टूबर को नई दिल्ली के करनैल सिंह स्टेडियम में एआईआरएफ के नेतृत्व में सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें शाहजहांपुर से भी बड़ी संख्या में रेलकर्मी शामिल होंगे।

शाखा सचिव शिव कुमार सक्सेना ने युवाओं से आंदोलन में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि यह लड़ाई केवल वर्तमान रेल कर्मचारियों की नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य और भारतीय रेल में स्थायी रोजगार के अवसरों से जुड़ी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित