हल्द्वानी , सितंबर 08 -- उत्तराखंड के हल्द्वानी में रेलवे भूमि पर अतिक्रमण मामले में उच्चतम न्यायालय में अहम सुनवाई से पहले नैनीताल पुलिस ने बनभूलपुरा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
पुलिस और सुरक्षा बलों को किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अलर्ट मोड पर रखा गया है। अधिकारियों ने ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को ब्रीफ करते हुए सरकारी कार्रवाई के दौरान संयम के साथ सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों के तहत कोतवाली हल्द्वानी के मीटिंग हॉल में बनभूलपुरा ड्यूटी में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग की गई।
पुलिस अधीक्षक (अपराध) डॉ. जगदीश चंद्र की अध्यक्षता में हुई ब्रीफिंग में पुलिस अधीक्षक (एसपी सिटी) मनोज कत्याल, एसपी (संचार) रेवाधर मठपाल, पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) हल्द्वानी अमित कुमार सैनी, सीओ रविकांत सेमवाल, सीओ भवाली बलजीत सिंह भाकुनी, सीएफओ गौरव किरार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बनभूलपुरा को 2 सुपर जोन, 4 जोन में विभाजित किया गया है। इनमें दो एसपी, पांच सीओ, 15 इंस्पेक्टर, 10 आईसी/ओपी, 45 एसआई/एएसआई, 10 महिला एसआई/एएसआई, 182 हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल और 47 महिला हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल शामिल हैं। इसके अलावा पीएसी की दो कंपनियां और ड्रोन की दो टीमें तैनात रहेंगी।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अग्निशमन विभाग की चार यूनिट, यातायात पुलिस की चार टीमें, एक बम निरोधक दस्ता, हॉक पुलिस की दो यूनिट, दो टियर गैस टीमें, दो एंटी-रायट टीमें और दो फायरिंग स्क्वाड भी तैयार रखे गए हैं।
पुलिस की ओर से संवेदनशील क्षेत्र में निगरानी के साथ ड्रोन से भी निगरानी की जाएगी है। ड्रोन के जरिए छतों, गलियों और संवेदनशील स्थानों पर नजर रखी जाएगी। पुलिस सोशल मीडिया गतिविधियों की भी निगरानी करेगी। अफवाह फैलाने, भ्रामक या भड़काऊ पोस्ट प्रसारित करने और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उपद्रव या हिंसा की नीयत से छतों पर पत्थर, रोड़ी, ईंट, मलबा, हथियार अथवा हथियारनुमा वस्तुएं जमा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी व्यक्ति या समूह द्वारा उपद्रव की तैयारी किए जाने की सूचना मिलने पर तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दूसरी ओर पुलिस ने बनभूलपुरा क्षेत्र में आज फ्लैग मार्च निकाला गया तथा कानून व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश दिया गया। आज रेलवे स्टेशन, लाईन नं. 17, इन्द्रानगर बड़ी रोड, मुजाहिद चौक, गोपाल मंदिर, ठोकर, शनि बाजार रोड, छोटी रोड इन्द्रानगर, ठोकर, ताज मस्जिद, 16 नंबर तिराहा, गांधी नगर, लाईन नंबर 8, चोरगलिया रोड, ताज चौराहा, भारद्वाज चौराहा, रेलवे स्टेशन गेट आदि क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया।
उल्लेखनीय है कि हल्द्वानी के बनभूलपुरा में रेलवे भूमि अतिक्रमण के मामले में शीर्ष अदालत सुनवाई कर रही है। बुधवार को उच्चतम न्यायालय में सुनवाई होगी। माना जा रहा है कि कल उच्चतम न्यायालय इस प्रकरण में अहम फैसला सुना सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित