कोटा, फरवरी 25 -- रेल पेंशनरों को साइबर ठगी से बचाने के उद्देश्य से रेलवे प्रशासन ने सतर्कता बरतने का अनुरोध किया है।

राजस्थान में कोटा के मंडल वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बुधवार को कहा कि संज्ञान में आया है कि कुछ साइबर ठग रेल अधिकारियों के नाम पर फर्जी फोन कॉल कर रहे हैं और एसएमएस और व्हाट्सएप संदेश भेजकर पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ) अपडेट, केवाईसी सत्यापन और अतिरिक्त पेंशन लाभ दिलाने के नाम पर व्यक्तिगत एवं वित्तीय जानकारी प्राप्त करने का प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया है कि रेलवे द्वारा पीपीओ अथवा सेवा अभिलेखों के अद्यतन के लिए किसी भी प्रकार का लिंक या संदेश नहीं भेजा जाता। कोई भी रेल अधिकारी फोन कॉल, एसएमएस, व्हाट्सएप या सोशल मीडिया के माध्यम से बैंक विवरण, ओटीपी, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी नहीं मांगता।

श्री जैन ने रेलवे पेंशनरों से अनुरोध किया गया है कि वे ऐसे प्रलोभनों और भ्रामक कॉल से सावधान रहें और अपने परिवार के सदस्यों को भी इस विषय में जागरूक करें। किसी भी संदिग्ध कॉल या संदेश की जानकारी तुरंत पुलिस साइबर सेल एवं संबंधित प्रशासनिक कार्यालय को दी जानी चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित