ग्वालियर , अक्टूबर 27 -- रेलवे की पेंट्रीकार में पांच साल तक काम दिलाने का झांसा देकर दो भाइयों ने ग्वालियर के एक कारोबारी से कथित तौर पर 37 लाख रुपये की धोखाधड़ी की। वर्ष 2024 की इस घटना में पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
महाराजपुरा थाना क्षेत्र के आदित्यपुरम स्थित आरजेपुरम निवासी राजभान सिंह राजावत (45) ने पुलिस को बताया कि वह ट्रेडिंग का कारोबार करते हैं। वर्ष 2024 में दिल्ली में उनकी मुलाकात मैसर्स डून्स कैटर्स के निदेशक सुशील टंडन और उनके भाई अनिल टंडन से हुई थी। दोनों ने उन्हें रेलवे की पेंट्रीकार में पांच साल के लिए सबलीज पर काम दिलाने का भरोसा दिया था।
फरियादी के अनुसार, 12 जून से तीन सितंबर 2024 के बीच उन्होंने आरोपियों को कुल 37 लाख रुपये दिए। इसमें 22 लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से और 15 लाख रुपये नकद दिए गए। आरोप है कि रकम लेने के बावजूद दोनों भाइयों ने उन्हें रेलवे पेंट्रीकार का काम नहीं दिलाया।
राजावत ने बताया कि काम नहीं मिलने पर उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी, लेकिन आरोपियों ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया। इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित