फिरोजाबाद , सितंबर 12 -- उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में मटसेना थाना क्षेत्र के जमालपुर गांव में रेलवे पुल के नीचे भरे गंदे पानी में गिरने से एक हलवाई की मौत हो गई। शुक्रवार रात काम से घर लौट रहे विमल कुमार धनकर (35) का अंधेरे में पैर फिसल गया और वह पानी में डूब गए।

ग्रामीणों के अनुसार, जमालपुर गांव में पिछले करीब चार वर्षों से नगर निगम का गंदा पानी जमा होने के कारण जलभराव की समस्या बनी हुई है। ग्रामीणों ने करीब 300 बीघा कृषि भूमि के प्रभावित होने का दावा किया है। उनका कहना है कि गांव में आने-जाने का रास्ता भी जलमग्न है।

समाजसेवी रविंद्र कुमार ने बताया कि विमल कुमार हलवाई का काम करते थे। उनकी शादी करीब 15 वर्ष पहले हुई थी और उनके तीन बच्चे ईशु, भोला और विष्णु हैं। हादसे के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि जलभराव की समस्या को लेकर कई बार जिलाधिकारी और नगर निगम को ज्ञापन दिए गए, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। ग्राम प्रधान श्याम बाबू से भी जलनिकासी की व्यवस्था कराने की मांग की गई थी।

ग्रामीणों ने बताया कि पानी सड़ने से दुर्गंध आती है तथा उसमें उतरने पर खुजली और जलन की शिकायत होती है। इससे बीमारी फैलने का खतरा भी बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से गंदे पानी की निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने और मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। सूचना पर पहुंची मटसेना पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित