नयी दिल्ली , अक्टूबर 27 -- रेलवे ने देशभर के विभिन्न रेलवे भर्ती बोर्डों (आरआरबी) और क्षेत्रों में स्टेशन प्रबंधकों के 1,265 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किये हैं।

रेलवे की अधिसूचना के अनुसार मुंबई आरआरबी में सबसे अधिक 177 रिक्तियां, जम्मू-श्रीनगर (122) और चेन्नई (119) रिक्तियां हैं। आवेदन की ऑनलाइन प्रक्रिया आज से शुरू हो गयी है और इच्छुक उम्मीदवार 25 नवंबर तक आवेदन कर सकते हैं। इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए इच्छुक उम्मीदवार के मान्यता प्राप्त स्नातक की की उपाधि या समकक्ष योग्यता होनी चाहिए। इच्छुक उम्मीदवार रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट एचटीटीपीएस://आरआरबीअप्लाई.जीओवी.इन/ पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।

रेलवे की अधिसूचना के अनुसार भर्ती में शामिल होने के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 20 वर्ष और अधिकतम आयु 33 साल होनी चाहिए। उम्र की गणना एक जनवरी 2027 को ध्यान में रखकर की जायेगी। आरक्षित श्रेणी वाले उम्मीदवारों जैसे- अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी), अनुसूचित जाति एवं जनजाति (एससी, एसटी), पूर्व सैनिक तथा अन्य आरक्षित लोगों को नियम के अनुसार छूट दी जायेगी।

आवेदन शुल्क के तौर पर अनारक्षित वर्ग, ओबीसी और आर्थिक रूप से पिछड़ा वर्ग ( ईडब्ल्यूएस) के उम्मीदवारों को 500 रुपये जमा करना होगा। वहीं एससी, एसटी, पीएच और सभी वर्ग की महिला अभ्यर्थियों को 250 रुपये का भुगतान करना होगा।

इस भर्ती में चयनित होने के लिए उम्मीदवरों को केवल एक सीबीटी में भाग लेना होगा। पहले दो बार सीबीटी परीक्षा पास करनी होती थी। सीबीटी में उत्तीर्ण परीक्षा में सफल होने पर अभ्यर्थियों को कंप्यूटर बेस्ड एप्टीट्यूड टेस्ट (सीबीएटी), दस्तावेज सत्यापन (डीवी) और चिकित्सा जांच (एमई) में भाग लेना होगा। सभी चरणों के बाद अंतिम सूची तैयार कर जारी की जायेगी। चयनित होने वाले उम्मीदवारों को लेवल-6 के अनुसार बेसिक सैलरी 35400 प्रदान की जायेगी। अन्य भत्ते भी सैलरी के साथ जुड़ेंगे जिससे इन हैंड सैलरी ज्यादा हो जायेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित