नयी दिल्ली , अक्टूबर 22 -- रेलवे बोर्ड ने उत्तर प्रदेश के वाराणसी और गुजरात के साबरमती के बीच राजस्थान होकर चलने वाली एक दैनिक एक्सप्रेस ट्रेन को मंजूरी दे दी है, जिससे इन तीन राज्यों के बीच एक अतिरिक्त रेल संपर्क उपलब्ध होगा।
रेलवे बोर्ड के बुधवार को जारी एक निर्देश के अनुसार रेल मंत्रालय ने ट्रेन संख्या 12206/12205 वाराणसी-साबरमती एक्सप्रेस को चलाने की मंजूरी दे दी है और संबंधित रेलवे ज़ोन को इसके लिए ज़रूरी परिचालन व्यवस्था करने का निर्देश दिया है।
ट्रेन संख्या 12206 वाराणसी से शाम 5.30 बजे रवाना होगी और अगले दिन रात 8.15 बजे साबरमती पहुंचेगी। वापसी की दिशा में ट्रेन संख्या 12205 साबरमती से सुबह 5.20 बजे चलेगी और अगले दिन सुबह 6.30 बजे वाराणसी पहुंचेगी।
यह ट्रेन मिर्जापुर, सूबेदारगंज, गोविंदपुरी, टूंडला जंक्शन, ईदगाह आगरा जंक्शन, भरतपुर, नदबई, खेरली, मंडावर महुआ रोड, बांदीकुई, गांधीनगर जयपुर, जयपुर, किशनगढ़, अजमेर, ब्यावर, मारवाड़, फालना, आबू रोड, पालनपुर और मेहसाणा में रुकेगी। तय समय-सारणी के अनुसार वाराणसी-साबरमती सेवा सुबह 8.23 बजे बांदीकुई पहुंचेगी और 8.25 बजे वहां से रवाना होगी। वहीं यह ट्रेन शाम 5.50 बजे पालनपुर पहुंचेगी और 5.52 बजे वहां से रवाना होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित