पंचकूला , सितंबर 26 -- रेलवे ने हरियाणा के करनाल जिले में 198 किलोमीटर लंबी दिल्ली-पानीपत-अंबाला तीसरी और चौथी रेल लाइन परियोजना के लिए 3.1066 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण शुरू कर दिया है।

उत्तर रेलवे (निर्माण संगठन) की ओर से रेलवे अधिनियम, 1989 की धारा 20ए(1) के तहत जारी अधिसूचना में कहा गया है कि केंद्र सरकार विशेष रेलवे परियोजना के निर्माण, रखरखाव, प्रबंधन और संचालन के लिए उक्त भूमि का अधिग्रहण करना चाहती है।

अधिग्रहण की जाने वाली भूमि करनाल तहसील के डेपो गांव में स्थित है। अधिसूचना में 38 भूखंडों की सूची दी गयी है, जिसमें रोड-1 और रोड-2 भी शामिल हैं। इन सभी भूखंडों का कुल क्षेत्रफल 3.1066 हेक्टेयर है।

इस परियोजना के तहत दिल्ली, पानीपत और अंबाला के बीच 198 किलोमीटर लंबे मार्ग पर तीसरी और चौथी रेल लाइन का निर्माण किया जाना है। केंद्र सरकार ने इससे पहले हरियाणा के सोनीपत, पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र और अंबाला जिलों तथा दिल्ली के कुछ हिस्सों में भूमि अधिग्रहण के लिए इसे 'विशेष रेलवे परियोजना' घोषित किया था।

प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण और उसके उपयोग को लेकर इच्छुक पक्ष राजपत्र में अधिसूचना प्रकाशित होने की तारीख से 30 दिनों के भीतर आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। आपत्ति लिखित रूप में करनाल के जिला राजस्व अधिकारी और नामित सक्षम प्राधिकारी को देनी होगी। इसमें आपत्ति के कारण स्पष्ट रूप से बताने होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित