भोपाल , अक्टूबर 15 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के ऐशबाग क्षेत्र में गुरुवार सुबह रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से 60 वर्षीय कमल सिंह की मौत हो गई। वह नरेंद्र देव नगर, ऐशबाग के निवासी थे। हादसा बरखेड़ी रेलवे ट्रैक पर हुआ।
पुलिस के अनुसार, कमल सिंह पहले वाहन चालक थे, लेकिन आंखों की रोशनी कम होने के कारण उन्होंने कुछ समय से काम बंद कर दिया था और अधिकतर घर पर ही रहते थे। गुरुवार सुबह वह रोजाना की तरह टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान रेलवे ट्रैक पार करते समय सामने से आ रही ट्रेन की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के पास मिले दस्तावेजों के आधार पर उनकी पहचान कर परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। ऐशबाग थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित