जहानाबाद , सितंबर 22 -- बिहार में जहानाबाद जिले के परसबिगहा थाना क्षेत्र के नौरु गांव के समीप मंगलवार सुबह रेलवे ट्रैक के किनारे एक युवक का क्षत-विक्षत शव हालत में मिला है।

इस मामले में मृतक के स्वजन ने हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक पर रखकर घटना को दुर्घटना का रूप देने का आरोप लगाया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक की पहचान शहर के लाल मंदिर के समीप निवासी विजय सिंह के 35 वर्षीय पुत्र सौरभ कुमार के रूप में की गयी है। घटनास्थल पर शव का सिर और धड़ अलग-अलग मिला है।

इस घटना की सूचना मिलने पर भेलावर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल परसबिगहा थाना क्षेत्र में होने के कारण बाद में परसबिगहा थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

भेलावर थानाध्यक्ष ललित कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदेहास्पद प्रतीत हो रहा है। घटनास्थल से करीब 300 मीटर दूर सौरभ की स्कूटी बरामद की गयी है। पुलिस ने उसका मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है, लेकिन उसमें लगा सिम नहीं मिला है।

स्वजन के अनुसार सौरभ कुमार मुजफ्फरपुर में बजाज फाइनेंस कंपनी में क्षेत्रीय प्रबंधक के पद पर कार्यरत था। सोमवार शाम वह गांधी मैदान स्थित अपने एक मित्र से मिलने की बात कहकर स्कूटी से घर से निकला था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर स्वजन ने उसकी खोजबीन शुरू की। पुलिस को मंगलवार सुबह एक व्यक्ति ने फोन कर रेलवे ट्रैक के पास शव पड़े होने की सूचना दी थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित