फर्रुखाबाद , मई 6 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद विकास मंच ने पूर्वोत्तर रेलवे के कानपुर अनवरगंज-मंधना जंक्शन के बीच प्रस्तावित एलिवेटेड रेलवे ट्रैक निर्माण के दौरान 14117/14118 कालिंदी एक्सप्रेस को फर्रुखाबाद से दिल्ली के मध्य संचालित किए जाने की मांग उठाई है। बुधवार को मंच अध्यक्ष भैयन मिश्रा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने रेल मंत्री को संबोधित ज्ञापन पूर्वोत्तर रेलवे के फर्रुखाबाद जंक्शन स्टेशन प्रबंधक को सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि एलिवेटेड ट्रैक निर्माण के दौरान वर्तमान रूट प्रभावित होने की स्थिति में कालिंदी एक्सप्रेस को फर्रुखाबाद-दिल्ली के बीच चलाया जाए, ताकि यात्रियों को असुविधा न हो।
मंच अध्यक्ष ने बताया कि कालिंदी एक्सप्रेस पिछले करीब 40 वर्षों से फर्रुखाबाद और दिल्ली के बीच यात्रियों को सेवा देती रही है। बाद में आमान परिवर्तन के उपरांत इस ट्रेन का संचालन कानपुर तक विस्तारित किया गया और फिर इसे प्रयागराज जंक्शन तक बढ़ाया गया।
उन्होंने कहा कि यदि निर्माण कार्य के दौरान ट्रेन को शिकोहाबाद होकर प्रयागराज भेजा गया, तो फर्रुखाबाद और मैनपुरी के करीब पांच हजार दैनिक यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि कानपुर से प्रयागराज के लिए पहले से पर्याप्त ट्रेनें उपलब्ध हैं, ऐसे में कालिंदी एक्सप्रेस को दिल्ली-फर्रुखाबाद के बीच संचालित करना अधिक व्यावहारिक होगा।
मिश्रा ने चेतावनी दी कि यदि मांग पर विचार नहीं किया गया, तो फर्रुखाबाद विकास मंच के बैनर तले व्यापक जन आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान मंच के पदाधिकारी नितिन गुप्ता, मान सिंह, राजीव वर्मा, रजत वर्मा, राजीव पाल और ओम पाठक सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित